कुनिहार : कांग्रेस ने महिलाओं को गुमराह और भाजपा ने सशक्त किया : नंदा
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने विधानसभा क्षेत्र अर्की के अंतर्गत आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी गोविंद राम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भजपा महिला मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव प्रतिभा कंवर, महामंत्री भावना गुप्ता, रमेश ठाकुर, दयानंद शर्मा, आशा परिहार, हीरा कौशल, भुवनेश्वरी शर्मा, रमेश, हीरा कौशल और अनेकों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कर्ण नंदा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रतिमाह 1500 रुपये देने का झूठ एक और बार बोल दिया है। पहले झूठी गरंटिया देते हुए वह सत्ता में आए और अब झूठ बोलकर महिलाओं को गुमराह करना चाहते हैं।
नंदा ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में हमारी सरकार ने 33 फीसदी सीटों को आरक्षित करने का काम किया है। यह काम 30-40 सालों से लटका हुआ था, लेकिन हमारी सरकार ने महिलाओं की बेहतरी के लिए यह काम किया है। अगर हिमाचल प्रदेश में किसी ने प्रदेश में महिला आरक्षण लगाया तो वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल थे आज हमें जान कर खुशी है कि हिमाचल में 3,615 में से 1,825 पंचायतों में महिलाएं प्रधान हैं। 45 अनारक्षित सीटों पर भी महिलाओं का कब्जा है। जिला सोलन में भी 240 सीटों में से 124 महिला प्रधान हैं, जो कि 50 फीसदी से अधिक है।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए नंदा ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीबों को सहायता देने, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को इसका लाभ देने के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। उन्होंने रूफ टॉप सोलर अभियान का उल्लेख किया, जहां 1 करोड़ परिवार मुफ्त बिजली का लाभ उठाएंगे, साथ ही सरकार को अतिरिक्त बिजली बेचकर प्रति वर्ष 15,000 रुपये से 18,000 रुपये की आय भी अर्जित करेंगे। प्रधानमंत्री ने आज घोषित आयकर छूट योजना का उल्लेख किया जिससे मध्यम वर्ग के लगभग 1 करोड़ नागरिकों को राहत मिलेगी। आज लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इन समूहों को 8 लाख करोड़ रुपए बैंक लोन और 40 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।