कुनिहार: 17 दिसंबर को बारोटिवाला में धूमधाम से मनाया जाएगा जिला स्तरीय पेंशनर दिवस
** सरकार जल्द बुलाए जीसीसी की बैठक: के डी शर्मा
जिला सोलन पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की नवगठित कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक बुधवार को ग्राम पंचायत सायरी के वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स कल्याण संगठन कार्यालय में जिला अध्यक्ष केडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई और ज्यादा से ज्यादा पैंशनरों को संघ की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि संगठन की लंबे समय से राज्य कार्यकारिणी की संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक आयोजित नहीं हो रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कई बार आश्वासन दिया कि बहुत जल्द पेंशनर्स संघ के साथ जेसीसी की बैठक को आयोजित किया जाएगा तथा जेसीसी का गठन किया जाएगा, लेकिन अभी तक कोई भी संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक नहीं बुलाई गई है और न ही जीसीसी का गठन किया गया। इससे पेंशनरों में प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी ने राज्य स्तर पर जेसीसी की बैठक आयोजित न होने पर खेद व्यक्त किया और सरकार से मांग की कि शीघ्र ही जेसीसी की बैठक को बुलाया जाए।
केडी शर्मा ने कहा कि नए छठे वेतन आयोग जो जनवरी, 2016 से लागू किया गया है, जिसके तहत अभी तक जनवरी, 2016 से फरवरी, 2022 के बीच के सेवानिवृत कर्मचारियों को न तो अभी तक लीव इन कैशमेंट का एरियर, न ग्रेच्युटी का एरियर और न ही कम्युटेशन आदि का लाभ मिला है। यही नहीं महंगाई भत्ते का एरियर जुलाई, 2022 से मार्च, 2024 का एरियर रोक कर रखा गया है, जबकि केंद्र सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते की एक किस्त जारी कर दी है। इस प्रकार 11 प्रतिशत महंगाई भत्ता सरकार के विचाराधीन है। केडी शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग को दोहराते हुए कहा कि एकमुश्त लंबित सारे एरियर का भुगतान किया जाए। पैंशनरों को हर महीने की प्रथम तारीख को पेंशन मिलनी चाहिए। जिलाध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों में मेडिकल बिल पेंडिंग पड़े हैं, जिनका भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बहुत से पेंशनर जीवन के अंतिम पड़ाव पर किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त है जिन्हें दवा का ही सहारा है। इसलिए पैंशनरों के पेंडिंग मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। बैठक में आगामी 17 दिसम्बर को होने वाले अखिल भारतीय पेंशनर दिवस को जिला स्तर पर मनाने बारे चर्चा की गई तथा निर्णय लिया गया कि इस बार अखिल भारतीय पेंशनर दिवस 17दिसम्बर को जिला स्तर पर बरोटिवाला में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। बैठक में जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीआर भारद्वाज, महासचिव जगदीश पंवर, कोषाध्यक्ष मनसा राम पाठक,मीडिया प्रभारी डी डी कश्यप ,राज्य प्रतिनिधि सूर्यकांत जोशी सहित सभी जिला के सभी यूनिटों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
