कुनिहार : पट्टाबरावरी में श्रीमद् भागवत कथा सुनने पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु
पट्टाबरावरी के प्राचीन दुर्गामाता मंदिर में मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन सैकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंचे। नवरात्रों के उपलक्ष्य में करवाई जा रही इस 8 दिवसीय कथा को कथावाचक आचार्य हितेंद्र शर्मा शास्त्री अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को सुना रहे हैं।
तीसरे दिन कथा वाचक ने लोगों को बताया कि भगवान इस धरती पर अलग-अलग रूपों में अवतार लेते हैं। कभी राम तो कभी श्याम बनकर अनेक लीलाएं करते हैं। इस धरती पर भगवान के तीन धाम हैं और भगवान इन तीनों धामों में आते हैं। प्रलय भी हो जाए तो भी ये धाम हमेशा बने रहते हैं। पहला धाम मथुरा धाम है, जहां भगवान ने जन्म लिया। दूसरा धाम वृंदावन है, जहां भगवान ने अपनी जवानी बिताई व अनेकों लीलाएं कीं। तीसरा धाम द्वारिका धाम है, जहां भगवान ने अपना वैवाहिक जीवन व बुढापा बिताया। भगवान जब भी आते हैं, इन्हीं धामों में लीलाएं करते हैं। तीसरे दिन कथा सुनने वालों में मंदिर कमेटी अध्यक्ष राम कौशल, भूपेंद्र, सुखराम, जगदीश, राम चंद, सोहन लाल, हंसराज, मदन लाल, राकेश, योगराज, गोपाल दास आदि शामिल रहे।
