कुनिहार: वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी द्वारा मनाया गया नव वर्ष उत्सव
कंडाघाट विकास खंड की सायरी पंचायत के मनसा माता मंदिर परिसर में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी इकाई ने नव वर्ष उत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया। समारोह में पूर्व मंत्री एवं सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता वीके शर्मा अध्यक्ष अखिल भारतीय पैरा मिलिट्री फोर्सेज ने किया। इसके साथ ही केडी शर्मा जिलाध्यक्ष पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति जिला सोलन इस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के राज्य नाट्य दल ने हिमाचल प्रदेश की विभिन्न विकासात्मक उपलब्धियों की गीत, संगीत व नाटक के माध्यम जानकारी दी। इस दौरान सांस्कृतिक दल द्वारा सुंदर नाटी से सभी का दिल मोह लिया।
मुख्य अतिथि धनी राम शांडिल ने पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक इकाई सायरी द्वारा आयोजित नव वर्ष कार्यक्रम की सराहना की व कार्यक्रम में 2003 के बाद बंद हुई पेंशन का मुद्दा भी सरकार से जल्द हल करवाने की बात कही।शांडिल ने सायरी इकाई के इस सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए दिए। इस दौरान केडी शर्मा अध्यक्ष जिला अध्यक्ष, जिला सोलन विभिन्न इकाईयो के अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर, डीडी कश्यप, बेली राम राठौर, रूप राम, जगदीश, सूर्य कांत जोशी सहित वरिष्ठ पेंशनर्ज मौजूद रहे।
