कुनिहार : नववर्ष पर पेंशनर व वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी आयोजित करेगा समारोह
कंडाघाट विकास खंड की सायरी पंचायत के मनसा माता मंदिर परिसर में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी इकाई हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नव वर्ष उत्सव समारोह बड़े धूमधाम से मनाने जा रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अध्यक्षता वीके शर्मा अध्यक्ष अखिल भारतीय पैरा मिलिट्री फोर्सेज करेंगे। इसके साथ ही केडी शर्मा जिलाध्यक्ष पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति जिला सोलन इस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह जानकारी जीआर भारद्वाज वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बलिराम राठौर प्रधान पैनशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन इकाई सायरी ने संयुक्त रूप से दी है। जीआर भारद्वाज ने यह भी बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के राज्य नाट्य दल को सांस्कृतिक कार्यक्रम देने के लिए आमंत्रित किया गया है। डीडी कश्यप प्रेस सचिव ने जिला के समस्त कार्यकारिणी सदस्यों से आग्रह किया है कि वह इस समारोह को सफल बनाने के लिए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
