कुनिहार पुलिस ने गश्त के दौरान 2 आरोपियों से 276 ग्राम चरस बरामद कर दर्ज किया मामला
कुनिहार पुलिस ने बुधवार शाम गश्त के दौरान उत्तराखंड के दो युवकों से 276 ग्राम चरस बरामद की। जानकारी के अनुसार, जब कुनिहार पुलिस के एचसी राजेंद्र कुमार और अन्य पुलिसकर्मी सरकारी गाड़ी को शिव गुफा कुनिहार के पास खड़ी कर पैदल डुमैहर रोड की ओर गश्त करते हुए जा रहे थे, तभी डुमैहर की ओर से दो युवक पैदल शिव गुफा कुनिहार की ओर आ रहे थे। इनमें से एक युवक ने पुलिस को देखकर अपनी पैंट की बांई जेब से एक सफेद रंग का लिफाफा निकालकर सड़क के ऊपर की तरफ नाली में फेंक दिया। पुलिस को शक हुआ, तो उन्होंने दोनों युवकों को काबू किया। लिफाफा फेंकने वाले युवक ने अपना नाम अमन पुत्र राम सिंह, गांव मोरी, डॉ. घ. परोला, तहसील नौगांव, जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड बताया। दूसरे युवक ने अपना नाम अजीत पुत्र मोहनलाल, गांव सेवा, डॉ. घ. मसरी, तहसील मोरी, जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड बताया। पुलिस ने लिफाफे को खोलकर देखा, तो उसमें काले रंग का ठोस बती नुमा पदार्थ था, जो सूंघने और अनुभव से चरस पाया गया। आरोपियों ने भी इसे चरस ही बताया। चरस को तोलने पर पॉलिथीन लिफाफे सहित 283 ग्राम और बिना लिफाफे के 276 ग्राम चरस मिली। इस मामले की पुष्टि डीएसपी अशोक चौहान ने की है।
