कुनिहार: चिसवा की महिलाओं ने खुद दुरुस्त किया गांव को जाने वाला रास्ता

मन में हो इरादा कुछ करने का तो कोई भी कार्य किया जा सकता है। ऐसा ही इरादा लेकर कुनिहार पंचायत के गांव चिसवा की महिलाओं ने गांव को जाने वाले खस्ताहाल रास्ते को स्वयं ही दुरुस्त कर दिया। गौर रहे कि गांव चिसवा के अलावा कई गांवों के शमशान घाट व क्षेत्र की पेयजल योजना जाबलू को भी यही रास्ता जाता है। कच्चा होने के कारण हर बरसात में इस रास्ते की हालत बहुत खस्ता हो जाती है और इसपर वाहन चालकों व पैदल चलने वालों को खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है।
जब इस बारे पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह रास्ता लोगों की निजी भूमि से होकर जाता है। इसे पक्का करने के लिए लोगों की एनओसी जरूरी है। अगर जमीन मालिक इसे पक्का करने की एनओसी दे देते हैं तो इसे पक्का करवा दिया जाएगा।