कुनिहार को जल्द मिलेगी सब्जी मंडी व विश्राम गृह की सौगात : बलदेव भंडारी
लगभग 40 वर्षों पश्चात कुनिहार क्षेत्र के लिए सब्जी मंडी व विश्राम गृह का नया भवन मिल जाएगा। कुनिहार में कृषि विपणन एवं किसान विश्राम गृह भवन 12 मार्च 1981 को बनाया गया था व तत्कालीन उपायुक्त सुनीता मुखर्जी द्वारा इसका उद्घाटन किया गया था। ततपश्चात काफी वर्षों तक कुनिहार में सब्जी मंडी चलती रही व क्षेत्र के साथ लगती लगभग 20 पंचायतों के किसान अपने उत्पाद यहां लाते थे तथा यहीं पर उन्हें अपनी फसलों का उचित दाम प्राप्त हो जाता था। समय के साथ-साथ सब्जी मंडी भवन की हालत खस्ता बनती चली गई व सब्जी मंडी भी बंद पड़ गई। किसानों से संबंधित व्यापारिक गतिविधियां भी बंद हो गई तथा यह भवन पूरी तरह अब असुरक्षित हो गया है।
आज प्रदेशाध्यक्ष मार्केटिंग बोर्ड बलदेव भंडारी ने कुनिहार पहुंच कर इस पुराने भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजीव कश्यप भी मौजूद रहे। मार्केटिंग बोर्ड के अधिशाषी अभियंता को मार्केटिंग बोर्ड की करीब दो बीघा भूमि पर नक्शा बना कर एक भव्य शॉपिंग काम्प्लेक्स सहित सब्जी मंडी व मार्केटिंग बोर्ड के विश्राम गृह बनाए जाने के लिए जल्द डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। करोड़ो की लागत से बनने वाले इस मार्केटिंग बोर्ड काम्प्लेक्स में जंहा युवाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, तो वहीं सोलन सब्जी मंडी की तरह ही कुनिहार में कुनिहार, अर्की, भूमती, चंडी सहित नजदीकी सब्जी एवं फल विक्रेताओं को सोलन या चंडीगढ़ नहीं जाना होगा। कुनिहार सब्जी मंडी में ही सरकार की ओर से सभी सुविधाएं मिलेगी। इसके लिए एपीएमसी की ओर से फल व सब्जी विक्रेताओं को लाइसेंस दिए जाएंगे।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार शर्मा, एपीएमसी निदेशक दलीप कुमार पाल, पूर्व मार्केटिंग कमेटी सचिव सोलन अमर सिंह ठाकुर, प्रदेश महिला मोर्चा सदस्य कौशल्या कंवर, अमर सिंह परिहार, सुरेश जोशी सहित स्थानीय कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
