कुनिहार: शिव तांडव गुफा में होगा 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन
देवभूमि हिमाचल के जिला सोलन के ऐतिहासिक क्षेत्र कुनिहार में स्थित अनादि कालीन शिव तांडव गुफा में शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 4 फरवरी 2026 से 11 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। 'समस्त शंभू परिवार' एवं 'गुफा विकास समिति कुनिहार' के सौजन्य से आयोजित इस पावन यज्ञ में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं को शिव भक्ति के रस में सराबोर होने का अवसर मिलेगा।
आयोजन का भव्य आगाज 4 फरवरी को सवेरे 9 बजे शिव महापुराण ग्रंथ व कथावाचक के स्वागत तथा एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा कोठी घाटी से आरंभ होकर शिव तांडव गुफा तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होकर मंगल गान करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान शिव के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराने के लिए प्रख्यात कथा व्यास आचार्य बलवंत शांडिल गाँव दोची कुनिहार वाले अपने मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक अमृत वर्षा करेंगे।
गुफा विकास समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, व मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कथा के उपरांत प्रतिदिन सायं 5 बजे से भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शंभू परिवार व गुफा विकास समिति ने सभी क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और शिव भक्तों से निवेदन किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कलश यात्रा और कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बनें। साथ ही, समिति ने समस्त प्रदेशवासियों को आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
