कुनिहार: बी एल सेंट्रल पब्लिक स्कूल ‘ग्रीन स्कूल’ राष्ट्रीय अवार्ड के लिए चयनित
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार का चयन जिला सोलन के टॉप 20 विद्यालयों में ‘ग्रीन स्कूल प्रोग्राम’ के अंतर्गत राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर एवं सराहनीय प्रयासों का परिणाम है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालय परिसर में नियमित रूप से पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त परिसर, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा बचत तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहे हैं।
यह सम्मान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE), नई दिल्ली द्वारा संचालित ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (GSP) के अंतर्गत देशभर के विद्यालयों के पर्यावरणीय ऑडिट के आधार पर प्रदान किया जाता है। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) सोलन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन एवं जिला साइंस सुपरवाइजर अमरीश शर्मा के मार्गदर्शन में लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर द्वारा GSP ऑडिट को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय का चयन जिला सोलन के टॉप 20 ‘ग्रीन स्कूल’ में किया गया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को 30 जनवरी को भारत हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित GSP कार्निवल एवं अवार्ड समारोह में प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय के इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, पीटीए अध्यक्ष, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय अध्यक्ष ने लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इसी प्रकार अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। यह सम्मान न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे कुनिहार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
