मांग : शीघ्र बरोटीवाला में पेंशनर्स कार्यालय के लिए दी जाए भूमि
कुनिहार। सोलन जिला की कृष्णगढ़ उपतहसील के पट्टा महलोग सभा के कार्यालय में आज जिला पेंसनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला स्तरीय बैठक जिलाध्यक्ष के डी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 11 फरवरी 2020 को जिला स्तरीय संयुक्त सलाह समिति की बैठक उपायुक्त केसी चमन के साथ आयोजित की गई थी जिसमें बरोटीवाला में पेंशनर्स कार्यालय के लिए भूमि देने की मांग की गई थी। उस समय उपायुक्त ने राजस्व अधिकारी को भी निर्देश जारी किए गए थे लेकिन लंबा अरसा बीतने के बाद भी अभी तक इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
केडी शर्मा ने एक बार फिर उपायुक्त से आग्रह किया है कि दो बिस्वा भूमि बरोटीवाला में इकाई कार्यालय के लिए शीघ्र दिलवाई जाए। केडी शर्मा ने बैठक में पुरानी मांगों 65, 70 तथा 75 वर्ष पूरा करने पर पांच, दस व पंद्रह प्रतिशत वृद्धि की मांग भी उठाई। इसके साथ उन्होंने कहा कि मेडिकल भत्ते की अदायगी समय पर नहीं हो रही है ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह मेडिकल भत्ते की अदायगी प्राथमिकता के आधार पर करे। केडी शर्मा ने सरकार से मांग उठाई कि 2003 के बाद जितने भी कर्मचारी व अधिकारी भर्ती हुए हैं उन्हें सरकार ने पेंशन सुविधा से वंचित रखा है। ऐसे में सरकार को एक बार फिर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना चाहिए क्योंकि नई पेंशन लोगों के हित में हीं है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वह संगठन का सहयोग करें ताकि सरकार से लडऩे के लिए संगठित होकर मंच सांझा किया जा सके।
केडी शर्मा ने कहा कि लंबे समय से सेवानिवृत बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार से अपनी पेंशन संबंधी मांग करते आ रहे हैं। इसकी मुख्य मांग फैमिली पेंशन जो आरबीआई और सरकारी कर्मचारियों को तीस प्रतिशत के हिसाब से पैंशन मिलती है जबकि सेवानिवृत कर्मचारियों को 15 प्रतिशत के हिसाब से मिलती है। कर्मचारियों को न ही बैंक से रिटायर को मेडिकल भत्ता मिलता है। ऐसे में बैंक के सेवानिवृत कर्मचारी की उचित मांग है। डीडी कश्यप ने भी वित्त मंत्रालय केंद्र सरकार से गभीरता से विचार विमर्श करने की मांग की है। इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीआर भारद्वाज, महासचिव जगदीश, डीडी कश्यप, देविंद्र ठाकुर, व महासचिव बलदेव, रमा ठाकुर आदि मौजूद रहे।
