मकान मालिक 10 दिनों के अंदर करवाएं सभी किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन: तन्मय कंवर, विकास खंड अधिकारी कुनिहार
मकान मालिक 10 दिनों के अंदर अपने मकान में रखे सभी किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें, नही तो भरना होगा भारी जुर्माना। यह बात विकास खंड अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने प्रेस वार्ता में कही। बीडीओ कुनिहार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों व सचिवों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर बैठक में की गई। जिसमे तीनों पंचायतों हाटकोट, कुनिहार व कोठी को निर्देश दे दिए गए है कि ऐसे मकान मालिक जिन्होंने अपने मकान किराए पर दिए हैं सबको सूचित करें कि अपने सभी किराएदारों की 10 दिनों के अंदर पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर पंचायत में रजिस्टर करवाएं,। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी पंचायतों में रह रहे सभी किराएदारों का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी किराएदारों की लिस्ट आपके पास हो कि वह किस कार्य व किस कारण से किराए के मकान में रह रहे हैं। अगर 10 दिनों बाद कोई मकान मालिक ऐसा पाया जाता है जिसने किराएदारों की वेरिफिकेशन नही करवाई है तो उस मकान मालिक को 1000 रूपये जुर्माना भरना होगा।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैठक में कुछ और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई जिसमे मुख्य मुद्दा कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने का है इसके लिए सभी पंचायतें अच्छा काम कर रही हैं लेकिन लोगों का सहयोग इसमें कम मिल रहा है बहुत से लोग खुले में इधर-उधर भी फैंक रहे है, ऐसे व्यक्तियों पर अब पंचायतों के अलावा अन्य विभागों की पैनी नजर रहेगी अगर कोई व्यक्ति कहीं गंदगी डालता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी लोगो व दुकानदारों से अपील की है कि पंचायत द्वारा निर्धारित कूड़ा इकट्ठा करने के जो रेट तय किए गए है उसके लिए पंचायतों का सहयोग अवश्य करें।
अगला मुद्दा विकास खंड के कई जंगलों में आग लगने का रहा जिसमें लोगों से अपील की गई कि जिस जंगल में आग लग जाती है वहां कृपया फायर ब्रिगेड व वन विभाग का आग बुझाने में सहयोग करें ताकि हमारी वन संपदा सुरक्षित रह सके। उन्होंने लोगो से अपील की है कि इस बार 1 जुलाई से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव में चीड़ के पौधों के अलावा अन्य पौधे जैसे पीपल,आंवला ,कचनार, भेड़ा ,अनार आदि का अधिक से अधिक पौधा रोपण करे।
अगला मुद्दा लोगों के पालतू कुत्तों का रहा जिसमे देखने में आया है कि लोग अपनें कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमा रहें है जिससे कई लोगों को समस्या आ रही हैं| अगर कोई कुत्ता किसी को काट देता है तो मालिक उसे अपना कुत्ता मानने से या तो इंकारर कर देता है या लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाता है| इसलिए बैठक में निर्णय लिया गया कि वे सभी लोग जिन्होंने घर पर कुत्ता रखा है पंचायत में उसका पंजीकरण करवाए।
बीडीओ कुनिहार ने विकास खंड के सभी पंचायतों के लोगों से अपील की है कि मानसून सत्र से पहले पंचायतों के सहयोग से अपने आसपास की नालियों की साफ सफाई करवा लें। ताकि बरसात में कोई समस्या न हो।
इसके अलावा लोगों से पंचायतों में हाउस टैक्स जमा करवाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री, उप प्रधान रोहित जोशी,कुनिहार पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर,कोठी पंचायत प्रधान बलबिंद्र कौर व सभी सचिव व वार्ड सदस्य मौजूद रहे।
