कुल्लू में भूस्खलन, इनर अखाड़ा बाज़ार में खाली कराए आधा दर्जन घर
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। जो अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। प्रदेश के कुल्लू जिले में लगातार हो रही बारिश से इनर अखाड़ा बाजार में गुरुवार को अचानक भूस्खलन होने से इलाके में हड़कंप मच गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई घर खाली करवा दिए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। घटना दोपहर बाद उस समय हुई जब पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने लगा. भूस्खलन को देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा दर्जन से अधिक घरों को एहतियातन खाली करवाया गया।
वहीं पुलिस ने पूरे इलाके में लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया। सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रेस्क्यू टीम को आने-जाने में परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। गौरतलब है कि पिछले साल भी इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन की घटना सामने आई थी, जिसमें कई घरों को नुकसान हुआ था और करीब 10 लोगों की जान चली गई थी। इसी वजह से इस बार प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जा रहा है। वहीं डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
