हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हलकी बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट
हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। इसके चलते दोपहर के वक्त मशहूर पर्यटन स्थल कुफरी व नारकंडा में हल्की बर्फबारी भी हुई। शिमला में भी आज हलकी बारिश हुई है । इससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंधी चलने व आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी दे रखी है। इसी तरह कल अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
कम ऊंचे व मैदानी इलाकों में आंधी तूफान आने व आसमानी बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने किसानों-बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और स्टोन फ्रूट व सेब की फ्लावरिंग को नुकसान होने का डर है। किसान और बागवान ही सूखे की मार से त्रस्त है। अब ओलावृष्टि के पूर्वानुमान से चिंतित हैं।जिलों मंडी, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल स्पीति में ओलावृष्टि का अलर्ट दे रखा है। बेशक प्रदेश के अधिकांश शहरों में अभी भी तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है, लेकिन बीते 24 घंटे के दौरान कई शहरों के तापमान में एक से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का अधिकतम तापमान 2 दिन में 19 डिग्री से गिरकर 16.9 डिग्री तक लुढ़क गया है। इसी तरह कई अन्य शहरों का पारा भी गिरा है।
