सोलन जिला में अन्न उत्सव का किया गया लाईव प्रसारण
केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले मंत्री पीयूष गोयल द्वारा शिमला से आज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के हिमाचल प्रदेश के लाभार्थियों के साथ सम्वाद एवं अन्न उत्सव कार्यक्रम का जिला के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सीधा प्रसारण किया गया। जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों और उचित मूल्य की दुकानों पर भी कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। सोलन में नगर निगम हाॅल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों को अनाज युक्त राशन बैग भी प्रदान किए। डाॅ.सैजल ने इस अवसर पर कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पात्र वर्गों का मज़बूत संबल बनकर उभरी है। सोलन जिला में वर्तमान में 53547 परिवार योजना के दायरे में हैं।
इन परिवारों के 227548 सदस्य प्रत्यक्ष तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। 316 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से इन परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड संकट में गत वर्ष एवं इस वर्ष भी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पीड़ित मानवता को आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध करवाने में सफल सिद्ध हुई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज स्वर्गीय पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का दर्शन समग्र विकास तथा जन-जन के कल्याण पर केन्द्रित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में इस दर्शन के अनुरूप आमजन को सहायता पहुंचाने के लिए सफल कार्य किया जा रहा है। अन्न उत्सव कार्यक्रम को सोलन विधानसभा क्षेत्र में नगर पंचायत हाॅल कण्डाघाट तथा नगर निगम हाॅल सोलन में, कसौली विधानसभ क्षेत्र में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय धर्मपुर तथा नगर परिषद हाॅल परवाणू, अर्की विधानसभा क्षेत्र में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय कुनिहार तथा सामुदायिक हाॅल अर्की, दून विधानसभा क्षेत्र में तहसील कार्यालय बद्दी तथा बीएड काॅलेज चण्डी एवं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ट्रक यूनियन परिसर नालागढ़ तथा पंचायत हाॅल रामशहर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाईव प्रसारित किया गया।
