कुनिहार : भगवान श्रीकृष्ण भक्तों के समस्त कष्टों का करते हैं निवारण-श्री हरिजी महाराज
रंजीत ठाकुर । कुनिहार
कुनिहार के गांव लोहारा में आज कथा के सातवें और अंतिम दिवस पर कथावाचक आचार्य हरिजी महाराज ने अपने मुखारविंद से प्रवचनों की रस धारा प्रवाहित की गई। उन्हाेंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण भक्तों के समस्त कष्टों का निवारण एवं उनके पापों का निराकरण करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की महिमा अपरंपार, अकल्पनीय एवं अद्भुत है। श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण एवं आयोजन करवाने से यजमान की सात पीढ़ियों का उद्धार हो जाता है। कथा वाचक ने कहा कि भगवान सर्वशक्तिमान एवं सर्व व्यापक है। भगवान श्रीकृष्ण ने इस संसार में बुराइयों एवं अधर्म को मिटाने के लिए त्रेता युग में मानव रूप में इस धरा पर अवतार धारण किया।
आज का मानव भौतिकता वादी युग में इतना व्यस्त हो चुका है कि वह सांसारिक सुख की दौड़ में आत्मिक शांति एवं आत्म संतोष खोता जा रहा है। इस साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन ज्ञानचंद एवं उनके परिवार के सदस्यों द्वारा 23 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया। सुखदेव, महेंद्र जगदीश, लाइक राम, गोपाल मोहन, कामेश्वर, मनोज, कृष्ण लाल व राजेंद्र के साथ-साथ कुनिहार के आसपास के सैकड़ों भक्तों ने इस कथा में सम्मिलित होकर इस ज्ञानमयी कथा का रसास्वादन किया। कथा के उपरांत भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
