रिवालसर : अदम्य साहस और पराक्रम के प्रतीक हैं महाराणा प्रताप-ठुरी राजपूत
महाराणा प्रताप एक निडर और साहसी योद्धा थे, जिन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ ऐतिहासिक विरोध किया और हल्दीघाटी के प्रसिद्ध युद्ध में सच्ची बहादुरी का प्रदर्शन किया। यह बात देव भूमि स्वर्ण संगठन के मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ़ ठुरी राजपूत ने आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह के अवसर पर कही। राकेश कुमार उर्फ़ ठुरी राजपूत ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप अदम्य साहस और वीरता के प्रतीक थे जिन्होंने पीढ़ियों को प्रेरित किया है और आने वाली कई सदियों तक उनकी वीरता को स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी से पहले और बाद में कई हस्तियों ने देश के लिए अमूल्य बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन भी समाज को कई शिक्षाएं देता है और हम सभी को ऐसे आयोजनों के माध्यम से इतिहास से जुड़ने का मौका मिलता है। जिसके माध्यम से गुमनाम नायकों के प्रयासों को उजागर किया जा रहा है। देव भूमि स्वर्ण संगठन के बल्ह मंडल अध्यक्ष ठुरी राजपूत ने कहा कि आरक्षण एक ऐसा कीड़ा है जो सवर्ण समाज को दिनों दिन खाए जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारे मात्र अपने वोट बैंक की ओर ध्यान करती है ना कि सामान्य जनता पर। हमने सरकार के समक्ष सवर्ण आयोग बनाने की मांग रखी थी लेकिन सरकार ने झूठी नोटिफिकेशन निकाल सवर्ण समाज के साथ धोखा किया है। इस अवसर पर चेत राम ठाकुर ने कहा कि आरक्षण हर वर्ग को कमजोर कर रहा है व ये सिर्फ जरुरतमंद लोगों को मिलना चाहिए। इस अवसर पर मुनीश मंढोत्रा, तारा चंद, सुरेश रावत, अजय शर्मा, रजत शर्मा, पिंटू और संजीव के साथ कई देवभूमि जनहित पार्टी के कारकर्ता शामिल रहे।
