महिला कांग्रेस ने सत्य-अहिंसा की राह पर चलने का दिया संदेश
-महात्मा गांधी की जयंती समारोह पर निकाला मार्च
-प्रदेश अध्यक्ष जैनब बोलीं, आज देश को राष्ट्रपिता के दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत
देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती समारोह की शृंखला मनाई जा रही है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी इस मौके पर महिला कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय से मैदान तक मार्च निकाला गया। हिमाचल कांग्रेस महिला अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि इस मार्च के माध्यम से सत्य, अहिंसा और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी कही हुई बातें समाज को नई दिशा और दशा देने का काम करती हैं। राष्ट्रपिता ने देश को आजादी दिलाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश को एक सूत्र में पिरोकर अहिंसा के साथ आजादी हासिल की। हिमाचल महिला कांग्रेस ने सभी लोगों से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की राह पर चलकर देश को आगे बढ़ाने की अपील की।
