ऊना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 81.38 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार
ऊना जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना मुख्यालय के नजदीकी गांव रामपुर में एक व्यक्ति को 81.38 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार निवासी रामपुर बेला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को इलाके में नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संतोषगढ़ रोड पर रामपुर बेला के पास नाकेबंदी की। इस दौरान संतोषगढ़ से ऊना की ओर आ रहे एक स्कूटी सवार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर स्कूटी चालक घबरा गया और स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लिफाफे में रखी 81.38 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह चरस कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
