कुनिहार अस्पताल में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
कुनिहार सिविल अस्पताल में एक व्यक्ति को इलाज के लिए लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना कुनिहार को दी गई। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में बिस्तर पर पाया गया। उसके साथ रामलाल नामक व्यक्ति भी मौजूद था। पूछताछ करने पर मृतक की पहचान देवी चन्द पुत्र मनसा राम, निवासी गांव ओखरू, तहसील और जिला शिमला के रूप में हुई। मृतक की उम्र 40 वर्ष थी। मृतक के साथ मौजूद लोगों ने बताया कि देवी चन्द पिछले एक महीने से हेमन्त के फार्म पर काम कर रहा था। 22 दिसंबर 2024 को उसने फार्म पर चाय पी और एक चपाती खाई। इसके बाद उसने अपने साथी से कहा कि उसकी तबियत ठीक नहीं है और उसे ठंड लग रही है, जब उसकी तबियत और खराब हुई, तो उसका साथी उसे 108 एम्बुलेंस में बैठाकर कुनिहार अस्पताल ले आया। यहां पहुंचने पर मृतक बेसुध हो गया, और डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों को बुलाकर पुलिस टीम ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की प्राथमिक जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम अर्की में करवाया गया और शव को परिजनों को सौंप दिया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
