मंडी: पूर्व सैनिक वन रैंक, वन पेंशन पार्ट-2 की विसंगतियों को लेकर भूख हड़ताल पर
वन रैंक वन पेंशन पार्ट-2 की विसंगतियों के कारण खफा देशभर के पूर्व सैनिक भूख हड़ताल पर है। मंडी जिला मुख्यालय पर स्थित सेरी चाणनी परिसर में भी सैकड़ों पूर्व सैनिक भूख हड़ताल में शामिल हुए। वहीं हर उपमंडल और पंचायत स्तर पर भी इन भूख हड़तालों का आयोजन किया गया। पूर्व सैनिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष कैप्टन हेत राम शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 1 लाख 26 हजार पूर्व सैनिक, 6 हजार वीर नारियां और 21 हजार विधवाओं को सैन्य पेंशन मिलती है।
लोकसभा और राज्यसभा में संवैधानिक रूप से पारित वन रैंक वन पेंशन योजना को कोशियारी कमीशन की शर्तों के अनुसार असली प्रारूप में लागू नहीं किया गया। इसकी वजह से अन्य रैंक्स और विधवाओं को तो पहले से ही पेंशन कम मिल रही थी लेकिन अब इसके पार्ट-2 से पेंशन बढ़ने के बजाय कम हो गई है।
