मंडी : प्रवीण कुमार ने सीएम को लिखा पत्र, कहा- सरांढा और सकरोहा के बीच बनाई जाए टनल
गत विधानसभा चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप मे चुनाव लड़ चुके पूर्व भाजपा प्रदेश सचिव व मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सरांढा (पंडोह) और सकरोहा के बीच फोरलेन टनल बनाए जाने की वकालत की है। उन्होंने मुख्यमंाी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि मंडी के बीच चल रहे फोरलेन के निर्माण से पहाड़ लगातार दरक रहे हैं। चार मील से लेकर सात मील का क्षेत्र पिछले चार वर्षों से स्थानीय लोगों, पर्यटकों, प्रशासन के लिए बहुत बड़ी समस्या का कारण बन गया है। आए दिन कोई न कोई दुर्घटना इस क्षेत्र में हो रही है और जिस गति से निर्माण कार्य चल रहा है, उससे यह प्रतीत होता है कि आगामी दो वर्षों में भी यह फोरलेन नहीं बन पाएगा और अगले छ: सात वर्ष पहाड़ी को सेटल होने में लग जाएंगे। इस बरसात ने तो यह साबित कर दिया है कि इस क्षेत्र में फोरलेन का बनाना खतरे से खाली नहीं होगा और भविष्य में भी बड़ी दुर्घटनाओं का अंदेशा हमेशा बना रहेगा।
इसलिए क्यों न वैकल्पिक मार्ग के बारे मे अभी से योजना बना कर उस पर कार्य किया जाए। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि जैसी की मुख्यमंत्री जीकेई भी राय है कि सुरंगों के निर्माण से पर्यावरण की भी रक्षा होती है और समय भी बचता है तो यह बेहतर होगा कि चार मील से लेकर सात मील के क्षेत्र को डबल लेन ही रहने दिया जाए और सकरोहा जो बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है से सीधे टनल सरांढा (पंडोह) में निकाली जाए। गूगल मैप के अनुसार सरांढा और सकरोहा के बीच लगभग पांच किमी की दूरी है। हो सकता है जब वास्तविक सर्वे करवाया जाएगा तो किसी दो अन्य स्थानों पर सुरंग की दूरी इस से भी कम आए।
प्रवीण कुमार शर्मा ने कहा कि इस सुरंग के निर्माण से चंडीगढ़ और कुल्लू की दूरी मे लगभग 25 किमी का अंतर आयेगा, जिससे ने केवल अरबों रुपयों की बचत हो पायेगी। बल्कि जिला कुल्लू, लाहौल और पांगी के पर्यटन को भी नए पंख लगेंगे और सबसे अधिक लाभ भारतीय सेना को पहुंचेगा, जिसे सीमाई क्षेत्र मे पहुंचने के लिए पूर्व की तुलना मे एक घंटा कम समय लगेगा और जनता को हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी।