शिमला : मोदी सरकार का मंत्र, चुनाव जीत है देश लूटने का लाइसेंस : अलका लांबा
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
देश में बढ़ रही महंगाई बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने शिमला में भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर महंगाई को लेकर जमकर निशाना साधा और मोदी सरकार का मंत्र चुनावी जीत के बाद लोगों को लूटने का लाइसेंस मिलना करार दिया। शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान अलका लांबा ने कहा कि मोदी सरकार किसान आंदोलन का बदला भारत के किसानों से लेने की कोशिश कर रही है। 50 किलो के खाद के पैकेट का मूल्य 150 रूपए प्रति बैग बढ़ाकर उसे 1200 रुपए प्रति और अब 1350 रुपए बैग तक पहुंचा दिया है। उन्हाेंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में पांच राज्यों में मिली जीत के बाद हर रोज वृद्धि की जा रही है। पिछले 15 दिनों में 13 बार पेट्रोल-डीजल के मूल्य बढ़ाए गए हैं। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में 15 दिनों में 9 .20 प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 531 प्रतिशत और 203 प्रतिशत की चौंकाने वाली वृद्धि है।
मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर 8 वर्षाें में 26 लाख करोड़ का मुनाफा कमा लिया है। यही नहीं एलपीजी गैस सिलेंडर के मूल्य भी बढ़ाकर आम गरीब की पीठ पर चाबुक मारा जा रहा है। पहली अप्रैल को कमर्शियल गैस सिलेंडर के मूल्य में 250 रूपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी। पिछले 2 महीनों में कमर्शियल सिलेंडर का मूल्य 340 रूपए बढ़ाया गया है। भाजपा के 8 वर्षांे के कार्यकाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के मूल्य में 845 रूपए की बढ़ोतरी की गई है। घरेलू गैस सिलेंडर 22 मार्च को 50 रुपए बढ़ाया गया था।दवाइयों पर भी टैक्स लगा दिया गया है और मरीजों को इलाज करना मुश्किल हो गया है। यही नहीं घर का बनाने का सपना भी मोदी सरकार ने तोड़ने का काम किया है। स्टील सीमेंट सरिया लकड़ी महंगी कर दी है, जिसे आम व्यक्ति अब घर बनाने के लाइक भी नहीं रहा है। पीएफ खाते में भी टैक्स की मार मोदी सरकार ने की है।
जेपी नड्डा और अनुराग ठाकुर बताएं हिमाचल के लिए क्या लेकर आए
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हिमाचल दौरे को लेकर भी अलका लांबा ने निशाना साधा और कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल से हैं और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी हिमाचल से हैं। आज वह शिमला आए और यहां पर उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है, लेकिन वह हिमाचल की जनता को बताएं कि वह हिमाचल की जनता को क्या राहत दे रहे हैं। क्या वह महंगाई और बेरोजगारी लेकर हिमाचल आए हैं, उनको यह हिमाचल की जनता को बताना होगा। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में कर्मचारी इस सरकार से परेशान है। यह सरकार कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम की घोषणा नहीं कर रही है, जबकि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। वहां पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी गई है और हिमाचल में भी जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो यहां पर पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी।
हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस में मुकाबला आम आदमी पार्टी का नहीं कोई अस्तित्व
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री पार्टी छोड़ गए हैं। दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री मंडी में रैली कर प्रदेश का अपमान किया है, जिसे किसी भी सूरत में हिमाचल की जनता सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मंडी में रैली के लिए पंजाब और दिल्ली से लोगों को लाया गया था। प्रदेश की जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली और प्रदेश में कांग्रेस का सीधा मुकाबला बीजेपी के साथ है।
