करसोग : बढ़ती महंगाई को लेकर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
बुधवार को अखिल भारतीय वामपंथी पार्टियों के आवाहन पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की करसोग कमेटी ने करसोग तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को एसडीएम करसोग सुरेंद्र ठाकुर के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने लिखा है कि बेहिसाब बढ़ती महंगाई लोगों पर अभूतपूर्व बोझ डाल रही है। करोड़ों लोग मंहगाई से पीडि़त हैं और बढ़ती भूख की पीड़ा के साथ गहरी गरीबी में धकेले जा रहे हैं। अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ती बेरोजगारी के साथ यह मंहगाई लोगों की दुख-तकलीफों को और बढ़ा रही है।
पिछले वर्ष के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में 70 प्रतिशत, सब्जियों में 20 प्रतिशत, खाना पकाने के तेल में 23 प्रतिशत और अनाज की कीमतों में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इन परिस्थितियों में वामपंथी दलों की मांग है कि केंद्र सरकार को सभी पेट्रोलियम उत्पादों पर सभी उपकर/अधिभार तुरंत वापस लेने चाहिएं और कीमतों में बढ़ोतरी, विशेष रूप से रसोई गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को वापस लेना चाहिए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से गेहूं की आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए। वामपंथी दलों ने देश भर में अपनी सभी इकाइयों को 25-31 मई के बीच महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ इस एकजुट और संगठित राष्ट्रव्यापी संघर्ष के लिए तालमेल स्थापित करने का निर्देश दिया है।
