ऊना : मेरी और सुक्खू की हिमाचल में जोड़ी नंबर वन : मुकेश
कहा, यह जनता की सरकार है ठोक बजाकर काम करेगी
भाजपा के विजय रथ को रोक दिया देवभूमि ने
ओपीएस, 300 यूनिट बिजलीं,1500 महिलाओं को हर गारंटी हाेगी पुरी
ममता भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सुखविंद्र सुक्खु, मुख्यमंत्री व उनकी जोड़ी नंबर वन है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं जब मंत्री था, तब सुखविंद्र सुक्खु कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं और हमारा आपसी तालमेल बेहतर है और हम मिलकर के सब एकजुटता के साथ प्रदेश के हित में काम करेंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह सरकार जनता की सरकार है, जनता के लिए है और जनता के काम को तेज गति से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ सरकार काम करेगी, राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ काम करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश को अपना आशीर्वाद दे रहा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में हर गारंटी को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला सहित सभी नेताओं ने प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए निर्देश दिए और हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने जनता के साथ हर गारंटी को पूरा करने का वादा किया है और हमारा काम है कि हम उनके हर अक्षर का पालन करें और प्रदेश की कैबिनेट में ओपीएस, 300 यूनिट बिजली के,1 लाख रोजगार के अवसर, 1500 महिलाओं को देने के साथ अन्य निर्णय तय समय में करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्थाओं के अनुसार निर्णय को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कर्मचारियों के साथ जो वादा किया है, उसको पूरा करना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार मजबूत है,स्थिर है, 5 साल ठोक-बजा कर के काम करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शोर कर रही थी कि कांग्रेस मुक्त हो रही है। कांग्रेस यहां आ नहीं पाएगी, कांग्रेस का नेता कौन है? जनता ने जनादेश से सब बता दिया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि ने भाजपा के विजय रथ को रोक दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने बता दिया है कि मुद्दों की अहमियत क्या है? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता के जनादेश को सर्वोपरि रखते हुए हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
केंद्र के पास मजबूती से पक्ष रखेंगे
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल के हक को लिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश देश का अभिन्न अंग है, हिमाचल प्रदेश संघीय ढांचे का मजबूत राज्य है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को के पक्ष को मजबूती के साथ हम रखेंगे।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी मजबूत की, सब है एकजुट
मुकेश ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष रानी प्रतिभा सिंह कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व को मजबूत किया है और सभी नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश में तख्त और ताज बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जहां जनता का सम्मान होगा, जनता की सुनी जाएगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता का मान सम्मान किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह के सपनो को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी विधायकों का भी आभार व्यक्त किया।
राजनीतिक रूप से दर्ज मामले वापस होंगे
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो राजनीतिक मुकदमें राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए हैं, उनको वापस करने का हमने वादा किया है और सरकार की कार्यप्रणाली शुरू होने के बाद ऐसे राजनीतिक मुकदमों को वापस करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चाहे वह राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं पर हो, चाहे वह कर्मचारियों पर हो ऐसे सभी राजनीतिक द्वेष के तहत दर्ज मामले वापस करेंगे।