बिलासपुर में नाबालिग छात्रा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार, सहपाठी समेत चार गिरफ्तार

देवभूमि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बारहवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई है। इस घिनौने अपराध में शामिल चार आरोपियों को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक पीड़िता का सहपाठी है और तीन उसके दोस्त बताए जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पीड़िता, जो अपने माता-पिता के साथ महिला थाना बिलासपुर पहुंची, ने अपनी दर्दनाक आपबीती सुनाई। उसने बताया कि तीन साल पहले उसकी दोस्ती कक्षा में पढ़ने वाले एक लड़के से हुई थी। आरोप के अनुसार, अक्तूबर 2024 में उस लड़के ने उसे बिलासपुर मिलने के लिए बुलाया। जब वह बिलासपुर पहुंची, तो वह उसे पैदल ही बंदला की पहाड़ी की ओर घुमाने ले गया। रास्ते में एक सुनसान जगह पर उस लड़के और उसके एक दोस्त ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे इस बारे में किसी को भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार, यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। बीते 27 मार्च को उस सहपाठी ने उसे दोबारा बिलासपुर बुलाया। डर के कारण वह मना नहीं कर पाई और चली गई। इस बार बिलासपुर में उस सहपाठी के साथ दो अन्य लड़के भी मौजूद थे। पहले वह सहपाठी उसे बंदला की पहाड़ी पर उसी सुनसान जगह पर ले गया, जहां उन्होंने पहले भी इस वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद, वे तीनों लड़के वहां इकट्ठे हो गए और तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के दौरान उस सहपाठी ने वीडियो भी बनाई और उन्होंने उसे फिर से मुंह बंद रखने की धमकियां दीं। डर और सदमे के कारण वह इतने दिनों तक इस भयानक घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बता पाई। आखिरकार, मंगलवार को उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को सब कुछ बताया, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने इस गंभीर मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।