सीएचसी हरलोग में 49 आशा कार्यकर्ताओं को वितरित किए एंड्राइड मोबाइल फोन
प्रदेश में स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा हिम केयर तथा सहारा जैसी योजनाएं शुरू कर जरूरतमदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने हरलोग में आशा कार्यकर्ताओं को मोबाईल वितरण समारोह के दौरान सम्बोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हरलोग में 49 आशा कार्यकर्ताओं को एंड्राइड मोबाइल फोन वितरित किए।
उन्होंने कहा कि मोबाईल फोन आशा कार्यकर्ताओं के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन के माध्यम से आशा कार्यकर्ता टीबी मुक्त हिमाचल ऐप, मुख्यमंत्री निरोग योजना, आरसीएच पोर्टल इत्यादि ऐप्लिकेशन का प्रयोग कर सकती है। इन एपों के माध्यम से समय पर लोगो को विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जानकारी प्रदान कर जागरूक कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि लोगों को घर द्वार पर बेेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना सरकार का मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में सफल बनाने में आशा कार्यकर्ता अपनी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए भी आशा कार्यकर्ता अपने मोबाईल में आरोग्य सेतु ऐप को डाऊनलोड करेंगी तथा लोगों को भी इस ऐप को डाऊनलोड करने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि कोरोना मुक्त हिमाचल ऐप के लिए इन मोबाईलो का प्रयोग किया जायेगा ताकि हिमाचल प्रदेश को कोरोना मुक्त किया जा सके।
