चंबा : मोदी सरकार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी को बना रही हथियार : राज सिंह ठाकुर

मोदी सरकार कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ ईडी को हथियार बना कर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का खेल खेल रही है।इस केस को बंद कर दिया गया था। उसे भाजपा के इशारे पर फिर से खोल कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का प्रयास किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सचिव राज सिंह ठाकुर ने चंबा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मंत्री अब चंबा की जन समस्याओं का सामना करने के डरने लगे है तभी तो प्रेस वार्ता को छोड़ कर चले गए। राज सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार व उसके मंत्री जिला चंबा के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर कतई गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि साढ़े चार सालों में मेडिकल कॉलेज चंबा की हालत बद से बदतर हो गई लेकिन मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक महज आश्वासन देने में ही व्यस्त रहे। मेडिकल कॉलेज चंबा के पहले चरण का कार्य चालू वर्ष के दिसंबर में पूरा होने की मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री दावा कर चुके हैं लेकिन यह कार्य अगले वर्ष तक भी पूरा हो जाए तो बेहद गनीमत होगी, क्योंकि पहले चरण के लिए जो पैसा स्वीकृत हुआ है उतना भी निर्माण कार्य को अंजाम देने वाली कंपनी को अभी तक जारी नहीं किया गया है। कंपनी की करोड़ों रुपए की पेमेंट पर सरकार ने कुंडली मार रखी है। दूसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए अभी तक एक फूटी कौड़ी तक जारी नहीं की गई है तो इसका अभी तक एफ.सी.ए. केस तक क्लीयर नहीं हुआ है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के प्रवक्ता जगदीश हांडा, जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति सैल के अध्यक्ष जितेंद्र सूर्या व पूर्व युकां अध्यक्ष चंबा शिवांक शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।