दाड़लाघाट : 13वें दिन भी जारी रहा महाविद्यालय महासंघ शिक्षकाें का आंदोलन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में राजकीय महाविद्यालय महासंघ का आंदोलन शिक्षकों द्वारा 13वें दिन भी जारी रहा। यह आंदोलन का 13वां दिन तथा भूख हड़ताल का दूसरा दिन था। संघ की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष सुरेश कुमार व सचिव संदीप कुमार ने बताया कि सरकार के द्वारा उनकी मांगों को पूरा नहीं किए जाने के कारण बुद्धिजीवियों के वर्ग को ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यूजीसी का वेतनमान प्राध्यापकों का अधिकार है तथा सरकार इस मामले पर संवेदनशील होकर जल्द निर्णय ले। अन्यथा यह आंदोलन उग्र हो जाएगा। भूख हड़ताल के साथ-साथ प्राध्यापक एग्जाम ड्यूटी भी दे रहे हैं तथा अपने कर्तव्य का पालन भी कर रहे हैं। इसलिए यह अत्यधिक जरूरी है कि जल्द ही मांगों को पूरा किया जाए। अगर शिक्षा के स्तर को उच्च रखना है, तो प्राध्यापकों को मानसिक प्रताड़ना नहीं देनी होगी। इस मौके पर महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक भी शामिल रहे।
