दाड़लाघाट : नाबार्ड ने अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से सात जलागम परियोजनाएं का किया क्रियान्वयन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा संचालित कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान दाड़लाघाट में नाबार्ड प्रभारी अधिकारी एवं महाप्रबंधक ने जलागम वाटरशेड परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। नाबार्ड हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी अधिकारी एवं महाप्रबंधक डॉ सुधांशु केके मिश्रा ने सोलन जिला में चल रही इस समीक्षा बैठक में डॉ बीआर प्रेमी महाप्रबंधक नाबार्ड व क्षेत्रीय कार्यालय से जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अशोक चौहान ने भी भाग लिया। नाबार्ड द्वारा कुनिहार विकास खंड में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से सात जलागम परियोजनाएं का क्रियान्वयन किया जा रहा है व इस पर पंचकूला के माध्यम से 2 परियोजनाएं चलाई जा रही हैैं। इनमें से 4 परियोजनाओं में अंबुजा सीमेंट व एक परियोजना में अल्ट्राटेक की सहभागिता है क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में चल रही इन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी व आद्यतन प्रगति के बारे में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से एरिया प्रोग्राम मैनेजर संजय शर्मा, प्रोग्राम मैनेजर भूपेंद्र गांधी, राजेंद्र खासा द्वारा जानकारियां दी गई।
इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन जलागम विकास समितियों के माध्यम से किया जा रहा है, उन के प्रतिनिधि भी इस बैठक में शामिल रहे व परियोजनाओं के लाभों से अवगत करवाया। चर्चा का ब्यौरा देते हुए जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अशोक चौहान ने जानकारी दी कि मृदा और जल संरक्षण, सिंचाई हेतु जल, बेहतर कृषि तकनीकों व इनसे बेहतर लाभ उठाने की तरफ किसानों का रुख करना मुख्य है। परिणामस्वरूप किसान कृषि के साथ-साथ बागवानी को भी विशेष रुप से अपना रहे हैं। मुख्यतः सेब, पलम, खुमानी, पपीते व मशरूम इत्यादि की खेती करने से किसानों की बेहतर आय हो रही है। इसके अंतर्गत 10000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में गतिविधियां की जा रही हैं, जिन से लगभग 90 गांवों के 5600 से अधिक परिवार लाभांवित हो रहे हैं।
महाप्रबंधक डॉ बीआर प्रेमी द्वारा कार्यान्वयन संस्थाओं को परियोजना क्रियान्वयन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए प्रभारी अधिकारी डॉ मिश्रा द्वारा अपने जलागम विकास से संबंधित अपने वृहद अनुभवों को बैठक में सांझा किया गया। उन्होंने इस पर अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन व जलागम समितियों के कार्यों की सराहना की। प्रभारी अधिकारी द्वारा इस अवसर पर कौशल उद्यमिता विकास संस्थान द्वारा नाबार्ड व अंबुजा द्वारा चलाए जा रहे जीएसटी टैली प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। समीक्षा बैठक के उपरांत पाट्टी, बड़ोग व कंधर जलागम परियोजनाओं का भी दौरा किया गया।
