रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा सैलाब, नड्डा भी पहुंचे श्रद्धांजलि देने
शिमला :पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए शिमला के रिज मैदान पर रखा गया जहां अंतिम दर्शन पाने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। भाजपा राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने शिमला पहुंचे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करने आएंगे। 15 मिनट बाद ही वे दिल्ली लौटेंगे। हिमाचल कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन की पार्किंग में भी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। पार्थिव देह को पहले कांग्रेस मुख्यालय मेन हाल में रखा जाना था लेकिन लिफ्ट में आठ फीट लंबे फ्रिज में पार्थिव शरीर को ले जाने में थी दिक्कत जिसके चलते व्यवस्था बदलनी पड़ी। दोपहर एक बजे पार्थिव शरीर को लेकर परिवार रामपुर के लिए रवाना होगा। शाम छह बजे पार्थिव शरीर को लेकर परिवार रामपुर पहुंचेगा।10 जुलाई शनिवार को पदम पैलेस रामपुर में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक पार्थिव शरीर दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम तीन बजे रामपुर में अंतिम संस्कार होगा।
