नगरोटा/देहरा : सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रहीं : मुख्यमंत्री
** बोले, आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण की ओर मजबूती से बढ़ रही प्रदेश सरकार
धर्मशाला डेस्क। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। इसके लिए नीतियों-कानूनों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने यह बात बुधवार को कांगड़ा जिले के देहरा और नगरोटा बगवां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार युवा हितैषी सरकार है और उनके लिए सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रही हैं। जलशक्ति विभाग में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के साथ ही शिक्षा विभाग में 6500, पुलिस विभाग में 1231, वन विभाग में 2061 तथा खनन विभाग में करीब 100 भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में नौकरियां देने के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया जाए।
देहरा के बगलामुखी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि 350 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला वन्य प्राणी उद्यान कांगड़ा जिला समेत पूरे प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति तथा आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर खोलने, बहुउद्देशीय मॉडल खेल परिसर बनाने, एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने नगरोटा बगवां तथा आसपास के क्षेत्र के लिए मल निकासी योजना की घोषणा की तथा 80 मीटर स्पैन के बड़ोह बाथू पुल के निर्माण को भी स्वीकृति दी। उन्होंने नगरोटा बगवां के चंगर क्षेत्र में 68 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना, नगरोटा बगवां में मॉडल पुलिस स्टेशन व चामुंडा से वृंदावन के लिए एचआरटीसी की एसी बस चलाने की घोषणा भी की।