नाहन : अभी तक 17500 क्विंटल धान की हुई खरीद : डीसी
-उपायुक्त ने धान खरीद केंद्र धौलाकुंआ का किया निरीक्षण
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने आज एपीएमसी के तहत धौलाकुंआ में संचालित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया और यहां पर चल रही खरीद प्रक्रिया पर प्रसन्न्ता जाहिर करते हुए इसकी सराहना की।
उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि सिरमौर जिला में एपीएमसी के पांवटा और धौलाकुंआ स्थित धान खरीद केंद्रों में अभी तक 17,500 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि धान खरीद केंद्र में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन धान खरीद केंद्रों में 3 अक्तूबर से धान खरीदने की प्रक्रि या आरम्भ हुई है। सुमित खिमटा ने कहा कि इन धान खरीद केंद्रों में किसाने से खरीदे गए धान का भुगतान 48 घंटों के भीतर करने की व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि धौलाकुुंआ धान खरीद केंद्र में काफी स्थान उपलब्ध है जहां पर खरीद के लिए अतिरिक्त गोदाम बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कृषि विभाग के माध्यम से धौलाकुंआ के धान खरीद केंद्र में अतिरिक्त गोदाम बनाने के लिए सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति हि.प्र. को मामला भेजने हेतु निर्देश दिए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजय सिंह हमलाल, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम हुसन कश्यप, एपीएमसी के एआर साहिल सिंधु के अलावा अन्य सम्बन्धित अधिकारी भी इस अवसर उपस्थित रहे।