सिक्किम में टकराए भारतीय और चीनी सैनिक

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर भारतीय और चीनी सैनिक आपस में टकराए हैं। यह घटना सिक्किम के नकु ला सेक्टर में हुई है। भारतीय सेना के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।
हालांकि भारतीय सेना द्वारा अभी तक आधिकारिक रूप से कोई स्टेटमेंट नहीं दी गई है लेकिन सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई है। नाकु ला सेक्टर मुगुथांग से आगे स्थित है। क्षेत्र में सड़क परिवहन की कोई सुविधा नहीं है और केवल हेलीकाप्टर के माध्यम से ही इसका रखरखाव किया जाता है।
भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि उत्तरी सिक्किम इलाके में भारत और चीन के सैनिकों में टकराव हुआ। दोनों ओर से भारी तनाव और बहसबाजी हुई। इस घटना में दोनों तरफ के सैनिकों को मामूली चोटें भी आई हैं। हालांकि इस झगड़े को स्थानीय स्तर के हस्तक्षेप और बातचीत के बाद सुलझा लिया गया।