लद्दाख में LAC पर दिखे चीनी चॉपर
कोरोना महामारी के चलते जहां पूरा देश सकते में है तो वहीं बॉर्डर से चीन द्वारा कुछ हलचल की खबर आई है। दरअसल लद्दाख सीमा पर चीन के चॉपर देखे गए हैं जिसके बाद भारतीय वायु सेना अलर्ट हो गई है। हाल ही में उत्तरी सिक्किम से भारतीय और चीनी सेना के टकराने खबर आई थी, अब दोबारा लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी हेलीकॉप्टर उड़ते दिखाई देने की खबर आई है।
सूत्रों ने बताया कि चीनी हेलीकॉप्टर वास्तविक नियंत्रण(LAC) रेखा को पार करके भारतीय क्षेत्र में नहीं आए। भारतीय वायुसेना अक्सर अपने सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमानों और अन्य विमानों के साथ लद्दाख के लेह हवाई अड्डे से उड़ान भरती है।
भारतीय वायुसेना के लेह और थोईस एयरबेस सहित लद्दाख क्षेत्र में दो एयरबेस हैं, जहां लड़ाकू विमान स्थायी रूप से तैनात नहीं हैं, लेकिन लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन की एक टुकड़ी साल भर यहां परिचालन की स्थिति में रहती है। अतीत में कई मौकों पर चीनी सैन्य हेलीकॉप्टरों ने लद्दाख सेक्टर में भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया है।
