राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू की दस्तक, अब तक देश के 9 राज्यों में आ चुके मामले
कोरोना का कहर अभी ख़तम नहीं हुआ था की देश भर में अब बर्ड फ्लू लगातार पैर पसार रहा है। यह अब देश के 9 राज्यों में फैल चुका है। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में कहर मचाने के बाद अब दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। पशुपालन विभाग के मुताबिक जालंधर भेजे गए 8 सैम्पल पॉजिटिव पाए गए। पुष्टि होने से पहले ही दिल्ली में बर्ड फ्लू के डर ने हड़कंप मचा दिया था। इसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने गाजीपुर मुर्गा मंडी को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया था। महाराष्ट्र में भी इस वायरस की पुष्टि हो गई है। इसे देखते हुए अब सभी राज्यों ने सतर्कता बढ़ा दी है। देश में बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार भी हरकत में आ गई है। विदेश मामलों की संसदीय समिति आज इस पर बैठक करेगी। यह समिति देश में पशु टीका की उपलब्धता और पशु चिकित्सा सेवाओं की स्थिति पर चर्चा करेगी।
हिमाचल प्रदेश में 200 से ज्यादा प्रवासी पक्षी मिले मृत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को पोंग बांध वन्यजीव अभयारण्य में 215 प्रवासी पक्षी मृत पाए गए। प्रदेश में बर्ड फ्लू से मरने वाले पक्षियों की संख्या अब बढ़कर 4,235 हो गई है। इसके अलावा नाहन, बिलासपुर और मंडी से भी जंगली पक्षियों की असामान्य मौत की खबरें आई हैं और नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं।