किसान आंदोलन : ट्रेक्टर रैली की आढ़ में किसानों का दिल्ली में उग्र प्रदर्शन, लाल किले पर फहराया अपना झंडा

दिल्ली में आज गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों के प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। ट्रेक्टर रैली की आड़ में किसानों ने दिल्ली की कई जगहों पर हिंसक प्रदर्शन कर डाला। इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच झड़प भी हुई और किसानों ने कई बसों में तोड़ फोड़ कर डाली। किसानों के इस हिंसक प्रदर्शन में कई पुलिस कर्मचारी घायल भी हुए है। दिल्ली में किसानों के आंदोलन केवल झड़प तक नहीं रुका। इसके बाद दिल्ली स्थित लाल किले के प्राचीर पर आंदोनलकारी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने प्राचीर पर अपने संगठन का झंडा फहराया। इसके बाद एक प्रदर्शनकारी ने लाल किले की गुंबद पर ही झंडा लगा दिया। अभी प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं, जिन्हें पुलिस समझाने की कोशिश कर रही है। पुलिसकर्मी लाल किले को खाली करा रहे है। किसानों के इस हिंसक आंदोलन के बाद दिल्ली को हाई अलर्ट पर कर दिया है। सरकार ने दिल्ली के कई जगहों पर इंटरनेट सुविधा को रात 12 बजे तक बंद कर दिया है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मोबाइल इंटरनेट बंद किया गया है। यह कदम कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखकर उठाया गया है। अब लाल किले से किसानों को वापिस भेजने की पुलिस कोशिश कर रही है। दिल्ली में कई जगहों पर किसनों के इस प्रदर्शन से आम लोगों को भी बाहरी दिक्ततों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के वजीराबाद रोड, आईएसबीटी रोड, जीटी रोड, पुश्ता रोड, विकास मार्ग, एनएच-24 पर ट्रैफिक बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इन मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
Latest Updates.....
लाल किले को बंद करने का आदेश
लाल किले पर बड़ी संख्या में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए अब अतिरिक्त फोर्स वहां पर भेजी जा रही है। साथ ही वहां पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को निकालने के बाद लाल किले के गेट को बंद करने का आदेश दिया गया है।
गीता कॉलोनी और सिग्नेचर ब्रिज से ट्रैफिक डायवर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, युधिष्ठिर ब्रिज से सीलमपुर तक ट्रैफिक की आवाजाही बंद है। गीता कॉलोनी और सिग्नेचर ब्रिज से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
किसान मोर्चा ने जारी किया बयान
आज की हिंसा को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने बयान जारी किया। मोर्चा ने हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा से आंदोलन को नुकसान पहुंचेगा। सभी घटनाओं की समीक्षा की जाएगी। हम खुद को उपद्रवी तत्वों के अलग करते हैं। साथ की किसान मोर्चा ने किसानों को हिंसा से दूर रहने की अपील की है।
किसानों ने लगाया आरोप-पुलिस की गोली से हुई किसान की मौत
किसान की मौत के विरोध में करीबन 70 से 80 किसान आईटीओ चौराहे पर धरने पर बैठे हैं। किसानों का आरोप है कि पुलिस की गोली से किसानों की मौत हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि हादसा ट्रैक्टर पलटने से हुआ है। यह बात भी सामने आ रही है कि कई किसानों ने शराब भी पी रखी है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों का लाल किले से वापस लौटने का सिलसिला शुरू
ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। सिंघु बॉर्डर से निकला किसानों का जत्था रिंग रोड से होते हुए बुराड़ी तक पहुंचा और वहां से वापस लौटने लगा है। इसके अलावा लाल किले से भी आंदोलनकारी वापस लौट रहे है। लाल किले के प्राचीर में अभी भी कुछ आंदोलनकारी डटे हैं, जिन्हें पुलिस बाहर निकाल रही है। पुलिस की ओर से हल्के बल का प्रयोग किया जा रहा है।
दिल्ली के कई बॉर्डर पर इंटरनेट सेवाएं बंद
किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसक प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई बॉर्डर पर आज रात 12 बजे से अस्थायी रूप से इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सिंघु, गाजीपुर, टिकरी, मुकरबा और नांगलोई बॉर्डर पर गृह मंत्रालय ने इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
भीड़ को रोकने के लिए तीन लेयर बनी
आईटीओ से सुप्रीम कोर्ट के बीच भीड़ को रोकने के लिए तीन लेयर बनी है। एक लेयर रैपिड एक्शन फोर्स की है जो सबसे आगे है। दूसरी पुलिस की जो बीच में, तीसरी बीएसएफ की है। पुलिस पूरी तरह तैयार है।
प्रदर्शनकारियों का बवाल जारी
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों की ओर से बवाल करना जारी है। दिल्ली के नांगलोई इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़ दिया। पुलिस की ओर से लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की।
लाल किले पर किसान संगठन ने फहराया अपना झंडा
दिल्ली के लालकिले पर मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने निशान साहब का झंडा फहरा दिया। यह झंडा वहां फहराया गया है, जहां 15 अगस्त को प्रधानमंत्री तिरंगा फहराते है। हालाँकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसे हटा दिया। सिंघु बॉर्डर से भी किसानों का एक बड़ा जत्था आउटर रिंग रोड पर पहुंचा। पुलिस की ओर से इन्हें समझाने की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस प्रशासन की बड़ी टीम लाल किले के परिसर पर पहुंच गई है और आंदोलनकारियों को भगाया जा रहा है।
दिल्ली-नोएडा सीमा पर पलटा ट्रेक्टर
सुबह दिल्ली-नोएडा सीमा पर एक स्टंट के दौरान दो किसानों के साथ एक ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर तेज गति से एक गोलाकार रास्ते में चलाया जा रहा था, जब वह संतुलन खो बैठा और पलट गया। इस दौरान दो व्यक्तियों को मामूली चोटें आईं हैं।