देश में बीते 24 घंटे में आए 3.66 लाख से अधिक नए मामले, 3,754 संक्रमितों की हुई मौत
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते देश भर में हाहाकार मचा हुआ है | देश में बीते 24 घंटे में 3.66 लाख से अधिक नए मामले सामने आए और 3,754 लोगों की जान चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, पिछले चार दिनों से लगातार हर रोज 4 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिल रहे थे।
लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देशभर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की भारी किल्लत जारी है। सैकड़ों मरीज बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। श्मशान घाटों पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2,26,62,575 पहुंच गई है। देश में सक्रिय मामले बढ़कर 37,45,237 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।