आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार पूर्व कैबिनेट मंत्री के घर ED का छापा
यौन शोषण के केस में जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का छापा पड़ा है। अमेठी के आवास विकास कालोनी में स्थित गायत्री के घर पर करीब आधा दर्जन अधिकारी मौजूद हैं। इलाहाबाद से आई ईडी की टीम घर में गहनता से छानबीन कर रही है।
बता दें की शासन की मंजूरी मिलने के बाद ED ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में गायत्री प्रजापति के विरुद्ध केस दर्ज किया था। जांच में पता चला कि वर्ष 2012-17 के दौरान मंत्री रहते हुए प्रजापति ने आय से छह गुना अधिक संपत्तियां बनाईं है। वैध स्रोतों से उनकी आय 50 लाख रुपए के करीबी थी, जबकि उनके पास तीन करोड़ से अधिक की संपत्तियां मिलीं है। जांच में 22 ऐसी बेनामी संपत्तियों की भी जानकारी मिली है जो इसी अवधि में प्रजापति के करीबियों के नाम पर खरीदी गईं थी। ये संपत्तियां करीबी रिश्तेदारों, निजी सहायकों और ड्राइवरों के नाम पर हैं।
पिछले हफ्ते ही गायत्री प्रसाद प्रजापति के बेटे अनिल प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया था। अनिल प्रजापति पर जालसाजी, धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिसको लेकर काफी समय से लखनऊ पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। अनिल प्रजापति कोर्ट में पेशी के दौरान अपने पिता से मिलने आने वाले थे लेकिन अनिल प्रजापति को हजरतगंज से ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
गायत्री के पूर्व परिचित और उनकी कंपनी में काम करने वाले बृजभवन चौबे ने गोमती नगर विस्तार थाने में पूर्व मंत्री और उनके बेटे समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज करवाई थी।