सड़को पर किसानों का समर्थन करने उतरी कांग्रेस, 100 से ज्यादा लोगों पर केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कांग्रेस (UPCC) के मीडिया संयोजक ललन कुमार सहित सौ से ज्यादा लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की ओर से यह एफआईआर कृषि कानून के विरोध में निकाली गई किसान संदेश पदयात्रा के विरोध में की गई है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने लखनऊ के बख्शी तालाब क्षेत्र में सोमवार को किसान संदेश पदयात्रा निकाली थी जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। किसान संदेश यात्रा कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर निकाली गई, जिसमें 3 नए कृषि कानूनों का विरोध किया गया था। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था और इस
बीच नोकझोंक भी हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार शाम को सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कांग्रेस के मीडिया संयोजक ने खुद और अन्य लोगों पर दर्ज एफआईआर को लेकर ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए, उन्होंने कहा कि यहां किसानों के हक में आवाज उठाने वालों को इनाम में FIR मिलती है। एक ओर जहां बीजेपी नेता हजारों की भीड़ में चुनावी रैलियां कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ के शासन में शांतिपूर्ण पदयात्रा करना भी अपराध हो गया है।