बिहार के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील से मचा हड़कंप, 150 से ज्यादा बच्चे बीमार; थाली में ‘सांप का बच्चा’ मिलने का दावा
बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित मिडिल स्कूल बलवाहा में गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद बड़ा हड़कंप मच गया। भोजन करने के बाद 150 से अधिक स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का दावा है कि एक बच्चे की थाली में मरा हुआ सांप का बच्चा मिला था। हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में सुबह करीब 9 बजे कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को मिड-डे मील परोसा जा रहा था। इसी दौरान एक बच्चे की थाली में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने उसे कीड़ा बताया, जबकि ग्रामीणों ने सांप का बच्चा होने का दावा किया।
घटना के बाद कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। बच्चों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में अचानक बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने मिड-डे मील सप्लाई करने वाली एनजीओ पर घटिया और बासी खाना देने के आरोप लगाए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।
स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनुपमा कुमारी ने बताया कि भोजन वितरण से पहले नियमानुसार खाने की जांच की गई थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही थाली में संदिग्ध वस्तु दिखी, तुरंत भोजन वितरण रोक दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हिमांशु अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। प्रशासन ने फॉरेंसिक जांच के आदेश दिए हैं और भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
