किसान आंदोलन के बीच मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, गन्ना किसानों को दिया तोहफा

कृषि कानून पर रोष के बीच गन्ना किसानो के लिए मोदी कैबिनेट ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 60 लाख टन चीनी निर्यात करने का फैसला लिया है, इससे होने वाली कमाई और इसकी सब्सिडी को सीधे 5 करोड़ किसानों के खाते में डाला जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया की इस साल सरकार ने 60 लाख टन चीनी निर्यात पर सब्सिडी देने का निर्णय किया है। किसानों के खाते में सीधे सब्सिडी जाएगी। उन्होंने बताया की इसमें 3500 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा 18000 करोड़ रुपये की आय भी किसानों को दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया की इससे 5 करोड़ किसानों को और 5 लाख मजदूरों को फायदा होगा।
मंत्री के मुताबिक, एक हफ्ते के भीतर ही 5000 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी किसानों को मिलेगी। 60 लाख टन चीनी को 6 हजार रुपये प्रति टन के हिसाब से निर्यात किया जाएगा।