नायब सिंह सैनी होंगे हरियाणा के नए मुख्यमंत्री, जल्द लेंगे शपथ
** खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में नेता चुने गए
** भाजपा-जेजेपी के बीच गठबंधन भी टूटा
सियासी तपिश से तप रहे हिमाचल के पड़ोसी राज्य हरियाणा की राजनीति में भी बड़ा उलटफेर हो गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे दे दिया है। उनके त्याग पत्र देने के बाद विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में विधायक दल का नेता चुना गया है। नायब सिंह सैनी को बीते दिनों ही हरियाणा बीजेपी का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था, वे कुरुक्षेत्र से सांसद हैं।
बता दें कि हरियाणा में भाजपा-जेजेपी के बीच गठबंधन भी टूट गया है। इससे पहले सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच मुलाकात हुई थी।
दरअसल यहां लोकसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग पर गठबंधन में आम सहमति नहीं बन पाना इसकी वजह है। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री एवं जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से 2 लोकसभा सीटों की मांग की थी, जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अकेले जीत हासिल हुई थी।