दो भारतीय पर्वतारोहियों पर नेपाल ने लिया एक्शन, 6 साल का लगाया बैन
माउंट एवरेस्ट, दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है। इस पर चढ़ने का ख्वाब शायद हर कोई देखता है, लेकिन बहुत ही कम लोग ऐसा कर पाते हैं। मगर कुछ लोग इस मुश्किल अभियान को लेकर सुर्खियां बटोरने के लिए झूठ बोलने से भी बाज नहीं आते हैं। भारत के ऐसे ही दो पर्वतारोहियों के झूठ का पर्दाफाश हुआ है। नेपाल के संस्कृति मंत्रालय ने दोनों पर ही 6 साल का बैन लगा दिया है। यानी अगले 6 साल में ये फिर से एवरेस्ट या नेपाल में मौजूद अन्य किसी पहाड़ी पर नहीं चढ़ पाएंगे।
बता दें कि हरियाणा के रहने वाले नरेंद्र सिंह यादव और सीमा रानी ने करीब चार साल पहले दावा किया था कि उन्होंने माउंट एवरेस्ट की सफलतापूर्वक चढ़ाई कर ली है। लेकिन अब जब जांच पूरी की गई तो मालूम पड़ा कि ये दावा झूठा था। नेपाल के मंत्रालय ने बताया है कि उनकी जांच में ये पाया गया है कि दो भारतीय पर्वतारोही ने नकली डॉक्यूमेंट जमा किए थे। जिसमें माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की फोटो भी नकली थी, ऐसे में अब उनको दिए सर्टिफिकेट को वापस लिया जा रहा है, साथ ही उनपर प्रतिबंध लगाया गया है। नेपाल सरकार के मुताबिक, दोनों ही पर्वतारोहियों ने नेपाल टूरिज्म एक्ट का उल्लंघन किया है। दोनों ही पर्वतारोहियों के गाइड पर भी करीब 10 हजार नेपाली रुपय का जुर्माना लगाया गया है।