गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, 11 लोगों की मौत
गुजरात के वडोदरा में एक दुखद हादसा पेश आया है। वडोदरा के पास आज सुबह तीन बजे मिनी ट्रक और ट्राले की टक्कर में पांच महिलाओं समेत 11 की मौत हो गई व 16 लोग घायल हुए हैं। इन में से कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है ये लोग सूरत से पावागढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा नेशनल हाईवे पर वाघोडिया के पास का बताया जा रहा है। दुर्घटना के दौरान ट्रक में सवार सभी लोग सो रहे थे। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मदद के लिए पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घायलों को वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस हादसे में 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन माँ और उनके इकलौते बेटे शामिल हैं। साथ एक परिवार के पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमे पति पत्नी, उनका बेटा, बेटी और चचेरे भाई शामिल है। ये लोग सूरत से पावागढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्रधानमंत्री ने जताया दुःख
प्रधानमंत्री ने इस हादसे को लेकर दुःख जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा "वडोदरा में हुए हादसे से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया। प्रार्थना है कि घायल जल्द ठीक हो जाए। प्रशासन दुर्घटना स्थल पर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।"
सीएम ने दिए मदद के निर्देश
गुजरात के मुख्यमंत्री ने भी इस हादसे को लेकर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए बताया की अधिकारीयों को जरुरतमंदो की मदद के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा "वडोदरा के पास सड़क दुर्घटना के कारण हुए नुकसान से दुखी हूं। अधिकारियों को जरूरतमंदों की मदद के निर्देश दिए हैं। जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। मैं दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना करता हूं।"