चुनाव प्रचार के दौरान पंजाब के मोगा में हुई हिंसा, एक की मौत
पंजाब में नगर निगम के चुनाव होने हैं, साथ ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 14 फरवरी को नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार जोरों पर है। चुनाव प्रचार के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़ गए। चुनाव प्रचार के दौरान हुई हिंसक झड़प में एक अकाली कार्यकर्ता की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।
बता दें कि मोगा के वार्ड नंबर 9 में अकाली दल के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अकाली दल के कार्यकर्ताओं पर गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में एक अकाली कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी कार्यकर्ता को उपचार के लिए आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद लुधियाना रेफर कर दिया। घायल अकाली कार्यकर्ता को उपचार के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि इस झड़प के दौरान दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।