WHO कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे डॉ हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन 22 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। कोरोना वायरस से लड़ाई में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्ष वर्धन सबसे आगे बढ़कर मोर्चा सँभालने वालों में से हैं। वे जापान के डॉ. हिरोकी नकतानी की जगह लेंगे। इस वैश्विक मंच पर भारत के प्रतिनिधित्व के प्रस्ताव पर मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य असेंबली के 194 देशों ने हस्ताक्षर किए हैं।
पिछले साल दक्षिण पूर्व एशिया ग्रुप ने यह फैसला कर लिया था कि इस बार बोर्ड चेयरमैन का चयन भारत की ओर से होगा। सूत्रों के मुताबिक हर्ष वर्धन 22 मई को यह पद संभालेंगे। यह पद हर साल बदलता रहता है और पिछले साल यह निर्णय हुआ था कि पहले साल भारत इस बोर्ड का प्रतिनिधित्व करेगा।
हर्षवर्धन एग्जीक्यूटिव बोर्ड की मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। यह मीटिंग साल में दो बार होती है। पहली जनवरी और दूसरी मई के आखिर में। कार्यकारी बोर्ड का मुख्य काम स्वास्थ्य असेंबली के फैसलों व पॉलिसी तैयार करने के लिए उचित सलाह देने का होता है।