करसाेग : राष्ट्र-सेवा, समाज-सेवा और मानव-सेवा का भाव जगाती है एनसीसी- कर्नल डी. आर. गार्गी
ट्रेनिंग कैंप में सीखी बातों को जीवन में उतारें कैडेट्स
एनसीसी ट्रेनिंग कैंप के समापन समारोह में बोले कर्नल गार्गी
राज सोनी। करसाेग
सेवन एचपी (आई) कंपनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) शिमला के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डीआर गार्गी के नेतृत्व में ज़िला मंडी के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग में आयोजित एनसीसी का दस दिवसीय प्रदेश स्तरीय संयुक्त वार्षिक ट्रेनिंग कैंप का समापन वीरवार को कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डीआर गार्गी द्वारा कैडेटों को राष्ट्र-सेवा, समाज-सेवा और मानव-सेवा के लिए प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। यह विशेष एनसीसी ट्रेनिंग कैंप दो चरणों में आयोजित किया गया था। ट्रेनिंग के पहले चरण में एक जुलाई से दस जुलाई तक शिमला, मंडी और सोलन ज़िलों के 547 रजिस्टर्ड एनसीसी कैडेटों को आर्म्ड-फोर्सेज की विभिन्न विधाओ में ट्रेनिंग दी गई, जबकि दूसरे चरण में बारह जुलाई से बीस जुलाई तक 518 एनसीसी कैडेटों को ट्रेनिंग दी गई।
ट्रेनिंग के इन दिनों में कैडेटों को अनुशासन, पीटी, ड्रिल, बंदूक खोलना-जोड़ना, बंदूक से फाइरिंग करना, युद्ध-कला, साफ-सफाई, प्रबंधन, आपदा-प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटना, मैप-रीडिंग, रास्ता-खोजना, कंपास का ज्ञान, एकता एवं राष्ट्रीकरण, परेड, राष्ट्र-प्रेम, राष्ट्र-भक्ति, एकता, समाज-सेवा, पर्यावरण का संरक्षण, कम्युनिकेशन-स्किल, डिफेंस में करियर, कर्तव्यनिष्ठा आदि कई महत्त्वपूर्ण विषयों पर शिक्षण व ट्रेनिंग दी गई। कैंप के दौरान कैडेटों ने हज़ारों विभिन्न पौधों का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का आम जनता को संदेश भी दिया। इस ट्रेनिंग कैम्प के समापन समारोह से पूर्व कैडेटों ने अपनी मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों और ट्रेनिंग-स्टॉफ का दिल छू लिया और खूब शाबासी पाई। ट्रेनिंग-कैंप के समापन-समारोह के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डीआर गार्गी ने एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि कैम्प में एनसीसी कैडेटों द्वारा ट्रेनिंग में दिखाई रुचि व जोश, मेहनत और राष्ट्र व समाज की बेहतरी के लिए बेहतरीन कार्य करने का जो जज़्बा कैडेटों ने साबित किया।
इसके लिए उनका मनोबल बनाए रखने के लिए उनकी प्रसंशा व शाबासी दी और कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डी. आर. गार्गी ने कैडेटों को ट्रेनिंग-प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कर्नल गार्गी ने सभी कैडेटों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट ट्रेनिंग में सीखी बातों को जीवन में उतारें और खूब ईमानदारी से मेहनत कर अपने राष्ट्र भारत की सेवा, राष्ट्र-सेवा और मानव-सेवा में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। कर्नल गार्गी ने कैडेटों में नया जोश भरते हुए कहा कि एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा फोर्सेज संगठन है जो भारत की तीनों सेनाओं और राष्ट्र-सेवा व समाज सेवा के लिए युवाओं को बेहतरीन नागरिक होने के साथ-साथ राष्ट्र की उन्नति और राष्ट्र की रक्षा के लिए तैयार करता है और उनमें अनुशासन, राष्ट्र-प्रेम व एकता के गुणों को विकसित करता है। गार्गी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले शिक्षार्थियों को एनसीसी के महत्त्व, भूमिका, योगदान, उद्देश्य और लाभों बारे युवाओं और आम जनता को जागरूक किया जाना चाहिए। कर्नल गार्गी ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी राष्ट्र-सेवा, समाज-सेवा और मानव-सेवा का भाव जगाती है।
कर्नल गार्गी ने कहा कि इस कैम्प से ही मेधावी कैडेट आगामी राष्ट्रीय स्तर की एनसीसी व सैन्य गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कर्नल गार्गी ने ट्रेनिंग-स्टॉफ, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, जवानों, प्रबंधन-टीम सदस्यों, सेवन एच. पी. के कार्यालय के प्रबंधन सदस्यों जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर कैडेटों को सुव्यवस्थित सुविधाओं और कैडेटों की ट्रेनिंग को सफल बनाने के लिए हार्दिक बधाई दी और इसके साथ ही कर्नल गार्गी ने करसोग का स्थानीय प्रशासन, हेल्थ-सेवा के कर्मचारियों व चिकित्सा अधिकारियों, करसोग पाठशाला, करसोग कॉलेज का प्रशासनिक प्रबंधन टीम और करसोग आईपीएच.वीजन के कर्मचारियों व अधिकारियों का कैम्प में सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
