राजगढ़ के छोग टाली की नेहा ठाकुर भारतीय वॉलीबॉल टीम में चयनित

राजगढ़ के छोग टाली पंचायत की नेहा ठाकुर अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन चीन में किया जाना है और नेहा ठाकुर का चयन भारतीय यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल टीम में हुआ है। छोगटाली स्कूल से वॉलीबॉल व एथलेटिक्स में 4 नेशनल खेलने के बाद नेहा का चयन जुब्बल स्पोर्ट्स हॉस्टल के लिए हुआ था और वह अंडर 19 नेशनल प्रतियोगिता में देश की वेस्ट स्पाईकर चुनी जा चुकी है। खेलो इंडिया में पंजाब यूनिवर्सिटी से खेलने के बाद अब उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है जो कि राजगढ़ और जिला सिरमौर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। नेहा ठाकुर के पिता मोहन ठाकुर एक किसान हैं। नेहा के भारतीय टीम में चयन से पूरे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।