शिमला : चार दिवसीय आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम का हुआ समापन
विभिन्न प्रतियोगिताओं अथवा कार्यक्रमों के तहत कलाकारों को मिलने वाले प्रोत्साहन को बढ़ाने के लिए सरकार के ध्यान में लाकर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी आज भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ पंकज ललित ने चार दिवसीय आज़ादी का अमृत महोत्सव राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अपने सम्बोधन में दी। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति व लोकानुरंजन के संवर्धन के लिए विभाग कृत संकल्प है और आगामी समय में हिमाचल के अन्य क्षेत्रों में भी भाषा एवं कला से सम्बन्धित प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों का आयोजन कोरोना मानक संचालनों की अनुपालना के साथ किया जाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जिला सिरमौर के चुड़े’वर लोक नृत्य सांस्कृतिक मंडल, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले जिला कुल्लू के सूर्य सांस्कृतिक दल बलोगी तथा कांगड़ा के सरस्वती स्वर संगम नृत्य दल को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया ।
